...

लखनादौन के अस्तित्व की लड़ाई से दूर रहने वाले मुनमुन जनआर्शीवाद यात्रा में दिखाई दिये सक्रिय

सिवनी महाकौशल 12 सितं. 2023
10 सितंबर को लखनादौन क्षेत्र के लोगो ने लखनादौन को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर धरना देते हुए लखनादौन बंद रहा जिसमे लखनादौन क्षेत्र के कुछ रसूखदार और बड़े पद में बैठे नेता गायब रहे जबकि लखनादौन क्षेत्र के लोगो ने उन्हें अपना आशीर्वाद देकर फर्श से अर्श तक भेजा, ऐसे नेताओं में एक विधायक दिनेश राय मुनमुन भी हैं। दिनेश राय मुनमुन एक ऐसे नेता है जिनके परिवार को लखनादौन क्षेत्र के नेताओ ने अपना प्यार और आशीर्वाद देकर लगभग दो दशकों तक लखनादौन नगर की सेवा करने का अवसर दिया। 2008 में जब दिनेश राय मुनमुन ने सिवनी का रुख किया तो उसका आधार भी लखनादौन नगर परिषद में किए गए काम थे। 2008 से लेकर 2018 तक मुनमुन राय को सिवनी की राजनीति में स्थापित करने लखनादौन क्षेत्र के लोगो का योगदान भुलाया नही जा सकता। ऐसा लगता है दो बार विधायक बन जाने के बाद अब दिनेश राय मुनमुन के भीतर लखनादौन क्षेत्र के लोगो के प्रति जिम्मेदारी कम होते नजर आ रही है।
इन दिनों लखनादौन को जिला बनाए जाने के लिए मुहिम छिड़ी हुई है।
10 सितंबर को लखनादौन क्षेत्र के लोगों ने जिले की मांग को लेकर लखनादौन बंद का आव्हान किया था जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया लेकिन उक्त धरना प्रदर्शन में कई ऐसे चर्चित चेहरे नदारत रहे जिन्हें लखनादौन क्षेत्र के लोगों ने जमीन से उठाकर आसमान का सफर तय करवाया। उम्मीद की जा रही थी कि सिवनी के विधायक दिनेश राय मुनमुन इस महत्वपूर्ण मांग का समर्थन करते हुए लखनादौन बंद के दौरान लखनादौन में रहेंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं और उन्होंने लखनादौन बंद के दौरान पूरी तरह मुंह फेर लिया। हालांकि उनके कुछ समर्थक दबी जबान से यह अवश्य कह रहे थे कि सिवनी में रामकथा की बड़ी जिम्मेदारी उनके कांधों में है इसी कारण उन्हें समय नहीं मिल पा रहा। उक्त बातो पर लोग भरोसा कर पाते इससे पहले ही मुनमुन राय का जन आशीर्वाद रैली में घंटो घूमने के बाद अब दिनेश राय मुनमुन की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे है।
घंटो जनआर्शवाद यात्रा में रहे शामिल,आधा घंटे के लिए ही पहुंच जाते लखनादौन
10 सितंबर को लखनादौन बंद था जहां के लिए सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन आधा घंटा भी नही निकाल पाए जबकि ठीक दूसरे दिन 11 सितम्बर को जन आशीर्वाद यात्रा सिवनी में निकाली गई। उक्त यात्रा से पहले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने साढ़े ग्यारह बजे प्रेस कांफ्रेंस लिया जिसमे सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन उनके साथ थे, बाद में जन आशीर्वाद रैली निकाली गई उसमें भी विधायक राय घंटो मौजूद थे। इसके बाद सवाल यह उठने लगे कि जिस मातृभूमि के लोगो  ने दिनेश राय मुनमुन को  नई पहचान देते हुए उन्हें विधायक बनने का रास्ता दिखाया जब वहीं के अस्तित्व की लड़ाई लडऩे की बारी आई तो दिनेश दिनेश राय मुनमुन लखनादौन पहुंचे ही नहीं लेकिन जब उनके राजनीतिक अस्तित्व की बात आई तो उन्होंने रामकथा की व्यस्तता को छोड़ते हुए जन आशीर्वाद यात्रा में घंटे दे दिया।